Tuesday, 5 June 2018

विदाई से पहले विदाई

  ...पापा मुझे छोड़ने स्टेशन आया न करो ,
..आँसू छिपाते हो फेर कर नज़रे,
..इतना फीका मुस्कुराया न करो ..
                    पापा मुझे छोड़ने स्टेशन आया न करो
... हिदायत से  घर भर की लाइट्स बुझाते ,
... न सोच कर भी कितने सामान दिलवाते,
...खाली होते पर्स को छिपाते ,
...मेरे हाथ में ए टी एम थमाया न करो ...
                    पापा मुझे छोड़ने स्टेशन आया न करो ।
...पानी की बॉटल रखी या नही,
...टिकट कही भूली तो नही ,
...पर्स में खुले पैसे रखे या नही
..इतना नम प्यार जताया न करो ....
                    पापा मुझे छोड़ने स्टेशन आया न करो ।
सीट के नीचे बैग जमाते ,
ध्यान रखना अकेली जा रही,
साथ की किसी महिला को बताते,
पल पल इतनी चिंता जताया न करो ...
                     पापा  मुझे छोड़ने स्टेशन आया न करो ।
पहुँचते ही कर देना फोन ,
अब कब होगा आना फिर तुम्हारा ,
रग रग कर देते हो तन्हा ,
उदासी से सर पर हाथ फिराया न करो ..
                     पापा  मुझे छोड़ने स्टेशन आया न करो ।
मैं खामोश सी हो जाती हूँ ,
जी भर ऐसे गले लगाया न करो ,
दूर तक देखती रह जाती हूँ बिखर कर,
ग़मगीन खड़े यू हाथ हिलाया न करो ,..
                     पापा  मुझे छोड़ने स्टेशन आया न करो ।
चप्पा चप्पा कर देते हो वीरान ,
रुन्धा गला बेमतलब बातो में छिपाया न करो,
मेरा आगा पीछा सोच सोच ,
अपना कलेजा दुखाया न करो,......
                     पापा  मुझे छोड़ने स्टेशन आया न करो ।
लो बात करो कहकर फ़ोन माँ को देकर ,
बाद में पूछते उनसे एक एक बात मेरी  ,
बरसो पुराना मोबाइल रखकर ,
हमारे नाम पाई पाई के कागज़ संजोया न करो  
                      पापा मुझे छोड़ने स्टेशन आया न करो ।
                      पापा मुझे छोड़ने स्टेशन आया न करो ।

No comments:

Post a Comment